हिंदुस्तानी तासीर के लिहाज से न्यूयॉर्क को हम ठंडा शहर कहेंगे। लेकिन ऐसा नहीं कि
न्यूयॉर्क हमेशा सर्द रहता हो। वास्तव में यह बदलते मौसम का शहर है। भारतीय शहरों की
तुलना में यहां का मौसम ठंडा माना जा सकता है लेकिन मई से सितंबर के बीच यहां का अधिकतम
तापमान 22 से 30 डिग्री के बीच रहता है जो मुंबई जैसा माना जा सकता है। इन्हीं दिनों
में न्यूयॉर्क का न्यूनतम तापमान 12 से 20 डिग्री के बीच रहता है।
जुलाई में, जब विश्व
हिंदी सम्मेलन का आयोजन होगा, तब न्यूयॉर्क का मौसम सुहाना रहेगा। उस समय यहां का
तापमान बीस से तीस डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। न्यूयॉर्क में लगभग
हर माह थोड़ी बहुत बारिश हो जाती है और जुलाई का महीना भी इससे अछूता नहीं है। इसलिए
छतरी साथ हो तो अच्छा रहता है।
वैसे जुलाई में गर्म कपड़ों की कोई अनिवार्यता नहीं
है लेकिन मौसम की अनिश्चितता के मद्देनजर एकाध गर्म कपड़ा साथ हो तो कोई हर्ज नहीं
है। सर्दियों के दिनों में न्यूयॉर्क में कड़ाके की ठंड पड़ती है और बर्फ गिरना आम बात
है। बर्फ भी थोड़ी नहीं बल्कि खूब सारी। तब सड़कें, एअरपोर्ट और गगनचुंबी इमारतों पर
बर्फ की मोटी चादर दिखाई देती है। लेकिन साल में औसतन 220 दिन यहां बर्फ नहीं गिरती।
अमेरिका के अन्य शहरों की तुलना में न्यूयॉर्क का मौसम थोड़ा नम और गर्म है जिसका कारण
है इसका एक तटीय शहर होना।